सोनीपत। कुंडली थाना क्षेत्र में मालवा पेट्रोल पंप के पास शनिवार को एक कैंटर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार दो युवक दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए। दोनों मित्र थे, वह स्कूटी पर हरिद्वार से दिल्ली जा रहे थे। घटना को लेकर कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के गांव सौलदा हाल किरायेदार हरिकेश नगर दिल्ली निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उनका बेटा सागर (23) अपने दोस्त उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव खितौन हाल फरीदाबाद के कृष्णा कॉलाेनी निवासी राजेश के साथ स्कूटी से हरिद्वार गया था। दोनों शनिवार देर रात को वापस दिल्ली आ रहे थे।
इसी दौरान तेज गति में आ रहे कैंटर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर से स्कूटी कैंटर में उलझ गई। दोनों युवक स्कूटी समेत घिसटते चले गए। इसके कारण दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता इससे पहले ही दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
शवों की पहचान होने के बाद युवकों के परिवार वालों को हादसे की सूचना दी। सागर के पिता मौके पर पहुंचे और कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया है।