सोनीपत। पंजाब में किसानों के रेल रोको आंदोलन के चलते शुक्रवार को दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर चलने वाली दो ट्रेनें रद्द कर दी गईं तो कई अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। इससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री पूछताछ केंद्र पर ट्रेनों के आने के बारे में पता करते रहे।
एमएसपी पर गारंटी, बाढ़ प्रभावित फसलों का मुआवजा, कर्ज मुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर किसान पंजाब में रेलवे लाइन पर बैठे हैं। किसानों ने तीन दिवसीय आंदोलन का एलान किया है। किसानों के रेल पटरी पर बैठने के कारण रेलवे को लंबी दूरी की विभिन्न ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, वहीं कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसान संगठनों ने मोगा रेलवे स्टेशन, मोगा जिले के अजीतवाल, डगरू, होशियारपुर, गुरदासपुर, डेरा बाबा नान, जालंधर कैंट, तरनतारन, सुनाम, फिरोजपुर सहित 17 स्टेशनों पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर मांगों के समाधान की मांग की है। किसानों के रेलवे ट्रैक पर बैठने के कारण 12459/60 नई दिल्ली-अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस, 14033 जम्मू मेल रद्द कर दी है, जबकि 11078 झेलम एक्सप्रेस 6 घंटे, 12311 नेताजी एक्सप्रेस 2.30 घंटे, 18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 6.30 घंटे की देरी से चली। ट्रेनों के कैंसिल होने की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस अड्डे पर बढ़ी भीड़
ट्रेनों के रद्द रहने और देरी से चलने के कारण काफी यात्रियों ने जहां अपनी यात्रा रद्द कर दी, वहीं काफी यात्री ऐसे रहे जिन्होंने बस अड्डे का रुख किया। बस अड्डे पर दिल्ली रूट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। दिल्ली जाने वाली बसों में भी यात्रियों की खासी भीड़ रही। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि सामान्य दिनों के मुकाबले शुक्रवार को दिल्ली रूट पर अधिक यात्री रहे। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने का हरसंभव प्रयास किया गया।