सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर गांव नाथूपुर के पास टीडीआई मॉल के गेट के निकट गर्व पेट्रोल पंप पर दो सेल्समैन व डीजल लेने आए ट्रक चालक को गोली मारकर बदमाश नकदी लूट ले गए। नकदी तीन से चार लाख रुपये में होने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर एसीपी मुकेश जाखड़, कुंडली थाना पुलिस व सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को कुंडली के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से दिल्ली के नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भेज दिया गया।
गांव नाथूपुर स्थित गर्व फिलिंग स्टेशन पर रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे कार सवार चार बदमाश पहुंचे। उन्होंने वहां आते ही कई हवाई फायर किए। साथ ही पेट्रोल पंप के दो सेल्समैन व एक ट्रक चालक को गोली मार दी। उन्होंने सेल्समैन प्रदीप को सीने और दूसरे सेल्समैन संजीव के पैर व फिलिंग स्टेशन पर ट्रक में डीजल भरवाने आए चालक कश्मीरी के पैर में गोली मारी है। इसके बाद बदमाश पेट्रोल पंप से लाखों रुपये की नकदी लूट ले गए। बताया जा रहा है कि नकदी तीन से चार लाख रुपये सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तीनों घायलों को पहले कुंडली के निजी अस्पताल व बाद में नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में ले जाया गया। फिलिंग स्टेशन कर्मी धीरेंद्र ने बताया कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर आकर हवाई फायर किए। इसके बाद नकदी लूट ली। बाद में जाते हुए दो कर्मियों व एक ट्रक चालक को गोली मार दी। उसके बाद वह भाग गए।
विज्ञापन
सीसीटीवी में दिख रही वारदात : पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम फुटेज के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि घायलों को ऑटो में अस्पताल ले जाया गया।
वर्जन
-पेट्रोल पंप पर कर्मियों को गोली मारकर लूटपाट की जानकारी मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेने के साथ ही पांच टीम गठित कर बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है। -मुकेश जाखड़, एसीपी सोनीपत