पुलिस कर्मचारी ने सोनीपत की महिला पर उसे हनीट्रैप में फंसाकर दो लाख रुपये ऐंठने व 20 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत नारनौंद (हिसार) थाने में दी थी। जहां पर जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच के लिए सोनीपत पुलिस के पास भेज दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हिसार के नारनौंद थाने में मुनीम सरोहा ने शिकायत दी थी कि वह हरियाणा पुलिस में है और फरीदाबाद में तैनात है। उसने पुलिस की तैयारी गन्नौर में अपनी मौसी के घर पर की थी। सोनीपत के गढ़ी ब्राह्मणान क्षेत्र की रहने वाली महिला का उसकी मौसी के घर पर आना-जाना था। वहां पर उसका परिचय उससे हो गया। वह लोगों को झांसे में फंसाकर वसूली करने वाले हनीट्रैप गिरोह से जुड़ी है। मुनीम ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से और महिला स्वर्ण जाति से है। पुलिस में नौकरी लगने का पता चलते ही महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत एसपी सोनीपत के कार्यालय में जुलाई 2019 को दे दी। उसके बाद 50 हजार रुपये की मांग की। उसने नौकरी बचाने के लिए उसे 50 हजार रुपये दे दिए। उसके बाद वह उसकी तीन बार शिकायत कर चुकी है और अभी तक दो लाख रुपये वसूल चुकी है।
मुनीम सरोहा ने बताया कि अब उसकी शादी हो गई है। इसका पता लगते ही महिला ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर देने और नौकरी छुड़वाने की धमकी देनी शुरू कर दी है। अब वह 20 लाख रुपये की मांग कर रही है। रुपये नहीं देने पर वह दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दे रही है। हिसार से आई जीरो एफआईआर के बाद सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
हिसार में दर्ज जीरो एफआईआर मिलने के बाद उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर सवित कुमार, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत