माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। थाना मोहाना पुलिस ने मोहाना गांव में हत्या करने की साजिश रच रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव सलीमसर ट्राली निवासी मोहित और तरुण उर्फ बच्ची के पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे अमेरिका में रह रहे गांव पांची निवासी रोहित के कहने पर मोहाना के एक युवक की हत्या की फिराक में घूम रहे थे। हथियार भी रोहित की ओर से ही मुहैया कराए गए थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।
थाना मोहाना पुलिस को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि गांव सलीमपुर ट्राली के दो युवक मोहाना के रहने वाले एक युवक की हत्या की साजिश रच रहे हैं और दोनों मोहाना-सलारपुर माजरा रोड पर रेलवे अंडरब्रिज के पास खेत में बने एक पिग फार्म में बैठे हैं।
सूचना मिलते ही एएसआई आशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों आरोपी खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को काबू कर लिया। जांच अधिकारी एएसआई विक्रम का कहना है कि मामले में रोहित की भूमिका की जांच की जा रही है।