खेवड़ा रोड पर बहालगढ़ के पास ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में उसके माता-पिता भी चोटिल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के ब्लॉक सरदना के गांव ईकड़ी निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह बहालगढ़ स्थित फैक्टरी में काम करता है और परिवार सहित यहीं किराये पर रहता है। वह बुधवार शाम को बाइक पर परिवार के साथ दिवाली पर्व मनाने गांव जा रहा था। उसके साथ पत्नी मोनिका, बेटी अवनी उर्फ निष्ठी (2) व छह माह का बेटा था। जब वह बहालगढ़ से खेवड़ा रोड पर पहुंचे तो इसी दौरान ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सड़क पर गिर गई। उसकी बेटी सड़क पर गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे व उसकी पत्नी को हल्की चोट आई। उसकी बेटी को अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवा दिया है।
वर्जन
बहालगढ़-खेवड़ा रोड पर हुए हादसे में बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई