गोहाना। जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी के पास रविवार सुबह ट्रैक्टर का हुक निकलने से ट्राली पलट गई। इस कारण ट्राली के नीचे दबने से एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
राजस्थान में सहापरा निवासी जगदीश ने बताया कि रविवार सुबह वह अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में बैठ कर सोनीपत से जींद जिले के गांव सिवानामाल में पराली लेने जा रहा था। गोहाना में नई अनाज मंडी के पास अचानक ट्रैक्टर का हुक निकल गया और ट्राली पलट गई। हादसे में वह, उसके गांव का शिवकुमार और उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी दिनेश (20) ट्राली के नीचे दब गए। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तीनों को ट्राली के नीचे से निकाल कर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, जगदीश व शिवकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।