खरखौदा। शहर के खंड शिक्षा कार्यालय के सभागार में बुधवार को पॉक्सो अधिनियम को लेकर खंड के सभी राजकीय विद्यालय मुखियाओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड संसाधन समन्वयक, खरखौदा कुलदीप सिंह सांगवान ने की।
लैंगिक अपराधों से बालकों के संरक्षण अधिनियम के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी देने के लिए अधिवक्ता उषा रानी व सीडीपीओ कथूरा निर्मला देवी कार्यशाला में पहुंची। जिन्होंने अधिनियम संबंधित नियमों, धाराओं, सजा, जुर्माना के विषय में सभी विद्यालय मुखियाओं को जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान अपराध के रोकथाम व इस पर उचित कार्रवाई के लिए प्रत्येक विद्यालय में एक कमेटी बनाई जाने संबंधी जानकारी मुहैया करवाई। कार्यशाला के दौरान पाॅक्सो अधिनियम को लेकर एक ऑनलाइन प्री-टेस्ट भी करवाया गया, जिससे स्कूल मुखिया यह जान सकें कि अब तक उन्हें इस विषय की कितनी जानकारी है। मुख्य प्रशिक्षक संजीव रावल, डाॅ. नवीन कुमार, किरण डारोलिया व सुमन देवी ने अपने विचार व्यक्त किए।