दिल्ली मंडल की रेलवे लाइनों और ट्रेनों की सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए आरपीएफ मुख्यालय की ओर से अगले तीन माह में कई चौकियों को थाना बनाया जाएगा तो कई जगहों पर चौकियां खोली जाएंगी। इस पर काम भी शुरू कर दिया गया है। अगले तीन महीने में थानों व चौकियों का यह काम पूरा करना होगा।
ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सोनीपत-जींद रेलवे लाइन पर गोहाना व रोहतक-रेवाड़ी रेलवे लाइन पर झज्जर में आरपीएफ की चौकियां खोली जाएंगी। इन दोनों चौकियों के खुलने से सोनीपत व रोहतक आरपीएफ थानों का दायरा कम हो जाएगा क्योंकि उन दोनों जगहों पर सुरक्षा से लेकर किसी तरह की कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी चौकियों की होगी। यह जरूर है कि गोहाना चौकी को सोनीपत थाना व झज्जर चौकी को रोहतक थाना के अधीन रखा जाएगा। इस समय दोनों रेलवे लाइनों पर कोई चौकी नहीं है। इन लाइनों पर कोई हादसा होता है तो पुलिस को थाने से ही जाना पड़ता है।
कुरुक्षेत्र व गुरुग्राम में आरपीएफ चौकी को थानों में बदला जाएगा
वहीं, दूसरी ओर आरपीएफ मुख्यालय की ओर से कुरुक्षेत्र व गुरुग्राम स्टेशनों पर बनीं चौकियों को खत्म करके उनकी जगह थाने बनाने का फैसला लिया गया है। इस समय गुरुग्राम स्टेशन पर बनी चौकी दिल्ली कैंट थाना के अंतर्गत आती है। वहीं, कुरुक्षेत्र स्टेशन पर चौकी को अंबाला थाने से संचालित किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर थाना खुलने के बाद दिल्ली कैंट व अंबाला आरपीएफ थानों का काम भी कम होगा। उसके बाद गुरुग्राम थाने के अंतर्गत ही रेवाड़ी चौकी को रखा जाएगा, जबकि अभी तक दिल्ली कैंट थाने के अंतर्गत गुरुग्राम व रेवाड़ी स्टेशन दोनों चौकियां चल रही हैं।
मुख्यालय की ओर से दिल्ली मंडल के अंतर्गत आने वाली रेलवे लाइनों व ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए आरपीएफ चौकियां व थाने खोलने की तैयारी की जा रही हैं। अगले तीन माह में इस योजना को पूरा कर लिया जाएगा।
-आरएल तोमर, डीएसपी, आरपीएफ