गन्नौर। देवीलाल चौक पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मंगवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक यूनिट प्रभारी सोहन सिंह ने किया। कार्रवाई के दौरान पटाखे छोड़ रही बिना नंबर प्लेट की एक बुलेट बाइक का 35500 रुपये का चालान किया गया। वहीं दूसरी मॉडिफाइड बुलेट बाइक का 33 हजार रुपये का चालान काटा गया। अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहनों की जांच की और दर्जनभर से अधिक चालान किए।
ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, अधूरे दस्तावेज, माॅडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट बाइक चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। ट्रैफिक प्रभारी सोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।