सोनीपत। कुंडली क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने की तैयारी हो चुकी है। नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में करीब छह करोड़ रुपये के विकास कार्य मंजूर किए गए। चेयरपर्सन शिमला देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 23 एजेंडे पर चर्चा की गई। इसमें मुख्य रूप से जीटी रोड पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक लाइट लगाने व सुंदरीकरण के लिए करीब एक करोड़ रुपये मंजूरी किए गए।
वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में फैसला लिया गया कि जीटी रोड पर अंसल प्लाजा मॉल से लेकर कुंडली बॉर्डर पर हर पॉइंट पर ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएगी। इनकी मॉनिटरिंग नगरपालिका कार्यालय से हुआ करेगी। ट्रैफिक लाइटें लगाने के बाद जीटी रोड पर होने वाले सड़क हादसों पर रोक लग सकेगी।
साथ ही लोगों को बंदरों के आतंक से छुटकारा दिलाने के लिए बंदरों को पकड़ने का निर्णय लिया गया। इन बंदरों को पकड़कर जंगलों में छोड़ा जाएगा। इस कार्य के लिए नगरपालिका की बैठक के दौरान 7 लाख रुपये पास किए गए।
बैठक के दौरान जीटी रोड से ड्रेन नंबर आठ तक सड़क का सुंदरीकरण किया जाएगा। साथ ही ड्रेन नंबर आठ की पगडंडी को पक्का किया जाएगा और पूर्वांचल के लोगों की सुविधा के लिए दो छठघाट भी बनाए जाएंगे। इस कार्य पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव पास किया गया है।
दादा भैया मंदिर के पास सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 92 लाख रुपये का एस्टीमेट पास किया गया। लांडा कॉलोनी में पार्क के निर्माण के साथ खाली पड़ी नगरपालिका जमीन की चहारदीवारी कराने के लिए 80 लाख रुपये का बजट पास किया गया।
साथ ही ड्रेन नंबर 6 की खोदाई कराने के साथ उसका सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया। इस कार्य के लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा जाएगा। इसके अलावा गलियों को पक्का करने और ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार से संबंधित कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में वाइस चेयरमैन अशोक भारद्वाज, पार्षद नरेश खत्री, निरंजन, सचिव पवित्र गुलिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।