सोनीपत। रोहतक रोड रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक तरफ से बंद होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इस बीच सोमवार को विधायक निखिल मदान व मेयर राजीव जैन आरओबी पर पहुंचे और व्यापारियों की समस्याएं सुनी।जिला व्यापार मंडल प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि रेलवे की ओर से आरओबी को यातायात के लिए असुरक्षित घोषित कर एक तरफ से बंद दिया गया है। इससे आरओबी पर शहर का ट्रैफिक वन वे हो गया है।
इसके चलते लोगों को समस्या और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। आरओबी से कालूपुर चुंगी की तरफ उतरने के बाद सड़क पर बीच में डिवाइडर नहीं है। जिसके कारण कई वाहन चालक गलत तरीके से सड़क पार कर रहे हैं और दुर्घटनाएं हो रही है। स्थानीय निवासियों और व्यापारी वर्ग की यही मांग है कि आरओबी को जल्द मरम्मत करा कर पूरी तरह खोला जाए। साथ ही सड़क के बीच में डिवाइडर या रेलिंग बनाकर दुर्घटनाओं को रोका जाए।
विधायक निखिल मदान ने लाेक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंता दिलबाग मेहरा को निर्देश दिए कि आरओबी से उतरने के बाद रोहतक रोड पर बीच में रेलिंग लगाई जाए और अनावश्यक कटों को बंद किया जाए। जिससे यातायात व्यवस्था पूर्ण रूप से चल सके। साथ ही खाटू श्याम मंदिर के बाहर बढ़ती भीड़ को देखते हुए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में समस्या न आए और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
रेलवे के कनिष्ठ अभियंता परमजीत मलिक ने बताया कि रेलवे की ओर से रोहतक रोड आरओबी की जांच कराई गई थी जिसमें उसे असुरक्षित पाया गया है। इसी कारण रेलवे ने पुराने आरओबी पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया है।
आरओबी के असुरक्षित हिस्से की मरम्मत को मंजूरी मिल गई है। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कार्य को एक-दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। इस पर लगभग 8-10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मरम्मत के बाद आरओबी को पूरी तरह से खोला जाएगा।
विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने रेलवे अधिकारियों को आदेश दिए कि आरओबी की मरम्मत होने तक दोनों तरफ 6 फीट ऊंचा बैरिकेड लगाया जाए जिससे दुर्घटना न हो। साथ ही आरओबी पर सिर्फ दोपहिया वाहन ,ई रिक्शा और छोटी कार ही प्रवेश कर सके।
इस दौरान मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन संजय वर्मा, प्रवीण वर्मा, निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर, अतुल जैन के अलावा जरनैल सिंह, रामनारायण गोयल, सरदार अजीत सिंह, दीपक जैन, सुनील गोयल, सतीश माथुर, अरविंद मित्तल, पवन तनेजा भी मौजूद रहे।