सोनीपत। सावन में कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के मद्देनजर सोनीपत पुलिस ने कुंडली-गाजियाबाद-पलवल ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) पर 20 जुलाई से विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सोनीपत जिले की सीमा में आने वाले ईपीई के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा।
इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी और उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में जारी सलाह दिल्ली पुलिस के साथ हुई समन्वय बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप लागू की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालक अनावश्यक रूप से ईपीई का उपयोग करने से बचें और यात्रा शुरू करने से पहले यातायात की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
पुलिस ने विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों को निर्धारित डायवर्जन और ट्रैफिक संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं ताकि कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
सोनीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने लोगों से संयम, सतर्कता और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। कहा, सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकेगी।