सोनीपत। पहलवान सागर की हत्या के मामले में अब न्याय दिलाने के लिए परिवार ने खापों का सहारा मांगा है और उनको खाप प्रतिनिधियों से सहयोग का आश्वासन भी दे दिया है। क्योंकि सागर की हत्या में समझौता करने के लिए परिवार पर दबाव डालने के साथ डराया भी जा रहा है। ऐसे में अकेले पड़े परिवार को खापों का सहारा मिलने से मानसिक रूप से भी मजबूती मिली है। क्योंकि सीबीआई जांच से लेकर सुरक्षा तक की मांग के लिए परिवार के साथ खापों के प्रतिनिधि खड़े रहेंगे।
शहर में मिशन चौक के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान सागर धनखड़ की चार मई की रात छत्रसाल स्टेडियम में ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार ने अन्य साथियों संग मिलकर पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस सुशील कुमार समेत कई अन्य को गिरफ्तार कर चुकी है। सुशील की गिरफ्तारी से पहले तक सागर के परिजन दिल्ली पुलिस की जांच से संतुष्ट थे, लेकिन सुशील को रिमांड पर लेकर जिस तरह से कोई सुबूत तक नहीं जुटाया गया है। उसको देखते हुए सागर के परिजनों को दिल्ली पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं रहा है और वे सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं आरोप है कि सागर के परिजनों पर मामले में समझौते के लिए दबाव डाला जाने लगा है। सागर के मामा आनंद ने यहां तक बताया कि उनके परिवार को जान का खतरा भी बना हुआ है। आनंद ने बताया कि उनका परिवार अभी तक अकेला था और इसलिए भी उनको डराया जा रहा है, लेकिन अब सागर को न्याय दिलाने के लिए खाप प्रतिनिधियों ने उनका सहयोग देने का आश्वासन दिया है। आनंद के अनुसार उनकी दहिया, धनखड़, मलिक खाप के प्रतिनिधियों से बात हुई है और न्याय के लिए उनके साथ होने की बात कही है, जिससे सीबीआई जांच की मांग को लेकर वे उनके साथ पीएम व गृहमंत्री से मिलने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा भी जिस जगह न्याय के लिए जाना होगा तो खाप के प्रतिनिधि उनका साथ देंगे। इस तरह से मामले में अब खापें भी पीड़ित परिवार के साथ आ गई हैं।
वर्जन
मुझसे सागर के मामा ने संपर्क किया था तो उनको सहयोग के लिए कह दिया गया था। उनसे कहा था कि अगर किसी से मुलाकात करनी है तो वे उनके साथ चलने के लिए तैयार हैं।
- महावीर सिंह, प्रधान दहिया खाप