गोहाना। शहर के मुख्य बाजार स्थित रेडिमेड कपड़ों की दुकान से तीन युवक ऑनलाइन भुगतान का झांसा देकर सात जोड़ी कपड़े लेकर फरार हो गए। कपड़ों की कीमत 9400 रुपये थी। दुकानदार ने बैंक खाता चेक किया तो रकम जमा नहीं हुई थी। उसने युवकों का पीछा किया, लेकिन वे बाइक से फरार हो गए। दुकानदार प्रिंस की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने वीरवार को प्राथमिकी दर्ज की।
प्रिंस ने बताया कि बुधवार को तीन युवक बाइक से उनकी दुकान पर आए थे। उन्होंने कपड़े दिखाने को कहा। कपड़े पसंद करने के बाद तीनों ने सात जोड़ी कपड़े लिए। इनकी कीमत 9400 रुपये थी।
हरे रंग की शर्ट पहने एक युवक ने मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। प्रिंस ने दुकान का स्कैनर उसके सामने रख दिया। युवक ने स्कैनर स्कैन किया। इसके बाद उसने 9400 रुपये का भुगतान होने की बात कही। प्रिंस ने बैंक खाता चेक किया तो रकम जमा नहीं हुई थी। थाना प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।