गन्नौर। नगरपालिका के सीमा विस्तार की प्रक्रिया को प्रशासन ने गति दे दी है। शहर से सटे तीन गांव टेहा, बड़ी और रोशनपुर को नगरपालिका में शामिल करने की योजना बनाई है। इस संबंध में उपायुक्त ने खंड विकास एवं पंचायत विभाग को निर्देश दिए हैं कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जल्द सर्वेक्षण पूरा किया जाए।
प्रशासन की योजना के तहत इन गांवों को नगरपालिका में शामिल करने के लिए आवश्यक रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। उपायुक्त के निर्देश के तहत खंड विकास एवं पंचायत विभाग ने तीनों गांवों के सरपंचों को पत्र भेजकर आवश्यक जानकारी मांगी है। इस प्रक्रिया के तहत इन गांवों के बुनियादी ढांचे, जनसंख्या, राजस्व और अन्य प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। अगर ये गांव नगरपालिका क्षेत्र में शामिल होते हैं, तो नगरपालिका के साथ-साथ ब्लाॅक समिति और जिला पार्षद के वार्डों में भी बदलाव होगा। इस विस्तार से गन्नौर नगरपालिका को नगर परिषद का दर्जा मिल सकता है।
टेहा, बड़ी और रोशनपुर को नगरपालिका में जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों को जोड़ने के लिए जनसंख्या, जमीन का रिकाॅर्ड व ग्राम पंचायत का प्रस्ताव करना जरूरी है। इसके लिए खंड विकास एवं पंचायत विभाग, सांख्यिकी विभाग के माध्यम से जानकारी मांगी गई है। सर्वेक्षण कराने के बाद रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी। -नितिन वत्स, सचिव, नगरपालिका, गन्नौर।