संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच तक पहुंची सोनीपत की तीन बेटियां ठरू गांव की शीतल, बहालगढ़ की भारती और खेवड़ा गांव की संगीता का चयन जापान के आइची नागोया में होने वाले एशियन गेम्स-2026 के कुराश प्रतियोगिता में हुआ है।
तीनों खिलाड़ियों के सम्मान में इंडियन स्कूल, सोनीपत में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संगीता (57), भारती (-57) और शीतल (78 किलोग्राम) में खलेंगी।
संघर्ष, समर्पण और मेहनत की कहानी
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली इन खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इनका चयन प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा। गांवों की अन्य बेटियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।
खिलाड़ियों को मिला सम्मान, अतिथियों ने बढ़ाया हौसला
समारोह में बीपीएस महिला विश्वविद्यालय, खानपुर की कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं भारतीय रेलवे की वरिष्ठ अधिकारी नेहा ध्यानचंद तथा इंडियन स्कूल की निदेशक नीलम गाहल्याण मुख्य अतिथि रहे। वक्ताओं ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों से केवल उनके परिवार या जिले को ही नहीं देश को बड़ी उम्मीदें हैं।
सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को दिया
खिलाड़ियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए युवाओं से खेलों में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कोच सतपाल गुलिया को दिया।
यह रहे मौजूद
इस दौरान बहादुर पहलवान सरपंच पुरखास, डॉ. रवींद्र मलिक, कृष्ण कुहाड़, चांद सिंह, साहब सिंह, अरुण विजय लाकड़ा आदि मौजूद रहे।