सोनीपत। गोगामेड़ी जा रहे तीन श्रद्धालुओं को कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल वे पर गांव मनौली के पास वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों तड़के हल्की बारिश होने पर टाटा एस पर लगाए गए तिरपाल पर रस्सी बांधने के लिए उतरे हुए थे।
उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद के गांव सेरवा धर्मपुर निवासी गुरजीत ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह अपने भाई सुशील (22) व गांव के ही देवेंद्र व अंकित तथा 10-15 अन्य के साथ दो टाटा एस गाड़ियों में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे।
वह जब मनौली से आगे पहुंचे तो हल्की बारिश शुरू हो गई। उन्होंने गाड़ी पर तिरपाल लगा रखा था लेकिन उसे रस्सी से नहीं बांधा था। उनका भाई सुशील, देवेंद्र व अंकित नीचे उतरकर रस्सी को बांधने लगे तो पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उनके भाई सुशील को मृत घोषित कर दिया गया। देवेंद्र व अंकित का उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने गुरजीत के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद