सोनीपत। गांव नाथूपुर के पास गाड़ी चालक को तेल टपकने का इशारा कर रोकने के बाद गाड़ी से सामान चुराने के मामले में तीन आरोपियों को कुंडली थाना पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी दिल्ली के मधु विहार निवासी विशाल, आंबेडकर नगर निवासी करण और दिल्ली के उत्तम नगर की दुर्गा कॉलोनी निवासी चंद्रू है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
उत्तर प्रदेश के मथुरा के डैंपियर नगर निवासी गौरव 21 अगस्त को शिकायत दी थी कि वह अपने भांजे को लेकर राई स्थित यूनिवर्सिटी में छोड़ने आ रहे थे। जब नाथूपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचे तो बाइक सवार युवकों ने गाड़ी से तेल टपकने का इशारा किया था। वह जब कार रोक कर गाड़ी की जांच करने लगे तो बाइक सवार युवक कार से बैग में रखे 23 हजार रुपये, लैपटाॅप और कपड़े चोरी कर ले गए थे। कुंडली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने आरोपी विशाल, करण व चंद्रू को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।