सोनीपत। सब्जी मंडी चौक के पास मटके की दुकान में घुसकर युवक की हत्या करने व दुकानदार को घायल करने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी यूपी के जिला बागपत के बड़ौत का रहने वाला मनीष है।
मूलरूप से यूपी के जिला बागपत के कुताणा हॉल साबुन दरवाजा क्षेत्र निवासी विपिन कुमार ने 15 मई को पुलिस को बताया था कि वह पांच भाई हैं। वह तथा उनका भाई राहुल सब्जी मंडी सोनीपत में सब्जी बेचने का काम करते थे। उनके गांव कुताणा में ही गांव के सूरज के साथ साल भर पहले उनके बेटे रिंकू व भाई राहुल से कहासुनी हुई थी। इसको लेकर सूरज का परिवार उनसे रंजिश रखता है। इसी रंजिश में बाइक सवार दो युवकों ने उनके भाई राहुल व उसके दोस्त सुरजीत को गोली मार दी थी। गोली चलाने वाले को उन्होंने पहचान लिया था। वह सूरज व उसका साथी अनुज था। वहीं षड्यंत्र में राजेंद्र, सन्नी व बॉबी भी शामिल थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने आरोपी सूरज व प्रिंस को पकड़ा था। अब सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी मनीष को पकड़ा है। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।