फोटो 20: सोनीपत के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में एकत्रित सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्
सोनीपत। सोनीपत समाज पंचायत के तहत सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि रविवार शाम को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में एकत्रित हुए। सोनीपत समाज पंचायत के संयोजक संजय सिंगला ने कहा कि सोनीपत शिक्षा के क्षेत्र में एक हब बनता जा रहा है।
हाल ही में एक विश्वविद्यालय में अपने दौरे के दौरान हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया को कैंपस में आपत्तिजनक सामान होने की जानकारी मिली थी। जिसका उन्होंने अपने बयानों में भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में संस्कृति के पतन वाली हर चीज का विरोध किया जाएगा।
सोनीपत समाज पंचायत ने मांग की कि प्रशासन को इस मामले की तह में जाकर असलियत का पता लगाकर कार्रवाई करनी चाहिए। आधुनिकता के नाम पर संस्कृति को चोट पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगानी चाहिए। अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी सामाजिक संस्थाएं इसके खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।
संजय सिंगला ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति एक-दूसरे के पूरक हैं। युवावस्था में इनके पथभ्रष्ट होने की आशंका ज्यादा होती है। अगर विश्वविद्यालय कैंपस में ही आपत्तिजनक सामग्री मुहैया होगी, तो फिर कैसे सभ्य समाज का निर्माण होगा।
इस दौरान अखंड हिंदू स्वाभिमान के मनीष राई, पवन तनेजा, नरेंद्र भारतीय, प्रेम गौतम, पहलवान हवासिंह आंतिल, गोरक्षा परिषद गोहाना से मनोज शर्मा, केशव, आर्य पवन दहिया, मुकेश सरोहा, राहुल राणा भी मौजूद रहे।