सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा का परिणाम जारी करने के बाद सोमवार को महाविद्यालय की दहलीज पर कदम रखने के लिए उत्सुक विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो जाएगा।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से स्नातक पाठ्यक्रम की दाखिला प्रक्रिया को प्रारंभ करने के लिए 19 मई से पंजीकरण पोर्टल को खोलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थी दाखिला लेने के लिए पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकें।
जिले में करीब 18524 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से 10244 व केंद्रीय विद्यालय शिक्षा बोर्ड से 8280 विद्यार्थी शामिल हैं। यह विद्यार्थी सोमवार से खुलने वाले पोर्टल पर महाविद्यालय में दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वहीं निदेशालय की ओर से जल्द तीनों प्रोविजनल कट ऑफ को लेकर शेड्यूल की तिथि निर्धारित की जाएगी। इससे पहले शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी महाविद्यालयों से सीटों का ब्योरा, पाठ्यक्रम, काॅलेज बैंक डिटेल, काॅलेज की विषय के हिसाब से फीस का विवरण पोर्टल पर अपलोड़ करना होगा। साथ ही प्रत्येक महाविद्यालय को दाखिला प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति करनी होगी।
पोर्टल पर बिना पंजीकरण नहीं मिलेगा प्रवेश
महाविद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य रहेगा। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। पोर्टल पर पंजीकरण करके ही विद्यार्थियों को बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए कक्षाओं में दाखिला मिल सकेगा। पोर्टल पर पंजीकरण के लिए 5 जून तक का समय निर्धारित किया गया है। प्रोविजनल कट ऑफ जारी होने के बाद विद्यार्थी पोर्टल पर अपनी फीस जमा करवाकर महाविद्यालय में दाखिला ले सकेंगे।
स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा के दाखिले शुरू
राई स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एवं मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। किसी भी विषय में स्नातक विद्यार्थी पीजी डिप्लोमा के लिए दाखिला ले सकते हैं। विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए विद्यार्थियों को हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में आवेदन करना अनिवार्य है, ताकि वह विवि में प्रवेश कर सकें।