नए साल-2022 का आगाज होने पर जिले में जहां कई नए प्रोजेक्ट शुरू होंगे, वहीं कुछ पूरे होंगे। इनमें ऐसे कई प्रोजेक्ट हैं, जिनसे आमजन पूरी तरह से प्रभावित है। नव वर्ष में जहां लोगों को गन्नौर क्षेत्र में रेल कोच फैक्टरी की सौगात मिलेगी, वहीं नेशनल हाईवे का बहुप्रतीक्षित चौड़ीकरण प्रोजेक्ट भी इस साल पूरा हो जाएगा, जिसके बाद वाहन सरपट दौड़ सकेंगे। साथ ही सीवर व पेयजल की समस्या भी इस वर्ष दूर होने की उम्मीद है। अमर उजाला ने लोगों से जुड़े ऐसे ही 22 प्रोजेक्ट को चिह्नित कर उनका स्टेटस जाना है।
1. रेल कोच फैक्टरी का निर्माण हुआ पूरा, जल्द शुरू होगी
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में रेल कोच फैक्टरी का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। यह रेल कोच फैक्टरी बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 165 एकड़ में बनाई जा रही है, जिसका पीएम नरेंद्र मोदी ने शिलान्यास किया था। 500 करोड़ रुपये खर्च कर तैयार की गई फैक्टरी का उद्घाटन जनवरी में होने की उम्मीद है। रेल कोच फैक्टरी शुरू होने से यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा।
2. मार्च तक सीवर व पेयजल लाइन बिछाने का काम होगा पूरा
शहर की सीवर व्यवस्था को बेहतर करने के लिए लगभग 114.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और यह काम भी नए साल में पूरा होने की उम्मीद है। जिसके बाद शहर की सीवर समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा। इस तरह ही पेयजल की समस्या से नए साल में छुटकारा मिल सकता है और उसके लिए भी 54 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सीवर व पेयजल लाइन बिछाने का कार्य मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
3. ड्रेन नंबर छह का निर्माण जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद
शहर के बीच से होकर गुजरने वाली ड्रेन नंबर छह इस समय लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या है। इस ड्रेन से शहर का पूरा दूषित पानी बाहर जाता है, जिसकी बदबू व कचरे के कारण लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस ड्रेन को 87 करोड़ से पक्की करने का काम किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह काम काफी समय से रुका पड़ा रहा। जुलाई तक ड्रेन को पक्का करने का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इससे शहर के लोगों की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
4. नेशनल हाईवे-44 के चौड़ीकरण का काम पूरा होने की उम्मीद
दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे को 12 लेन करने का काम छह साल पहले शुरू हुआ था। इसका शिलान्यास भी पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था, लेकिन यह काम अभी तक केवल 80 प्रतिशत हो सका है। इसका काम भी पिछले एक साल से किसान आंदोलन के कारण बंद पड़ा था। अब नए साल में अक्तूबर तक उम्मीद है कि नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण का काम पूरा हो जाएगा। इसके अलावा मेरठ-झज्जर-लोहारू नेशनल हाईवे-334बी का काम अंतिम चरण में है। इसे फरवरी तक काम पूरा करके वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाएगा।
5. किसानों के लिए शुरू होगा बाजार
नए साल में किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बिचौलिए से छुटकारा मिल जाएगा। ओल्ड रोहतक रोड पर किसान बाजार पहले ही बनकर तैयार हो चुका है। उस किसान बाजार का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन वहां अभी तक किसानों को जगह नहीं मिली है। उसके लिए किसानों के रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे हैं और अब उसको जल्द ही किसानों को दिया जाएगा। जिसके बाद किसान अपनी फसल सीधे बेच सकेंगे और इससे किसानों का मुनाफा बढ़ने से सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी।
6. बस अड्डा शहर से बाहर करने की होगी शुरुआत
इस समय बस अड्डा शहर के अंदर है, जिससे बस शहर के अंदर आने के कारण अधिकतर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। बस अड्डे को शहर से बाहर करने की मंजूरी सरकार से मिल चुकी है और इस बस अड्डे की जगह बस पोर्ट बनाया जाना है। यह बस पोर्ट सेक्टर 7 में बनाया जाएगा, जिसके लिए 11 एकड़ जमीन भी चिह्नित हो चुकी है, लेकिन इसकी नींव अभी तक नहीं रखी जा सकी है और नए साल में इस बस पोर्ट की नींव रखी जा सकती है।
7. खेवड़ा में आईटीआई का निर्माण होगा शुरू
खेवड़ा में चौहान जोशी रोड पर नई आईटीआई का निर्माण 10 एकड़ में किया जाएगा। सीएम की ओर से इसकी घोषणा की गई थी, लेकिन इसमें कई बार खींचतान के कारण आईटीआई का काम रोका गया। उम्मीद है कि नए साल में आईटीआई का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। आईटीआई का निर्माण होने के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण भी छात्रों को मिलना शुरू हो जाएगा। इसके अलावा इस साल जुआं में आईटीआई का भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
8. अतिक्रमण हटवाकर बेहतर करेंगे ट्रैफिक व्यवस्था
शहरी ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नए साल में सड़कों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा बताते हैं कि नए वर्ष में शहर को जाम मुक्त किया जाएगा। अतिक्रमण व अवैध पार्किंग को रोका जाएगा। शहर में जाम की सबसे बड़ी समस्या है और उसका कारण अतिक्रमण है। जिन जगहों पर पीली पट्टी नहीं है, वहां पीली पट्टी लगवाकर ट्रैफिक को व्यवस्थित किया जाएगा।
9. जिला अस्पताल में बनेगा मदर चाइल्ड हेल्थ सेंटर, 14 करोड़ होंगे खर्च
नए साल में लोगों की सेहत सुधारने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाया जाएगा। जिला अस्पताल में 100 बेड का मदर चाइल्ड हेल्थ सेंटर का निर्माण शुरू होगा। इस पर प्रदेश सरकार की ओर से 14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। जिले में ऐसी कई जगह है, जहां सब सेंटर की जरूरत है और वहां नए साल में सब सेंटर शुरू कर दिए जाएंगे, जिससे वहां के लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
10. मुरथल में जुलाई तक लगेगा एसटीपी, दूषित पानी से मिलेगी निजात
नए साल में मुरथल यूनिवर्सिटी के साथ ही कुराड़ गांव समेत कई गांवों के लोगों की बड़ी परेशानी दूर हो जाएगी। मुरथल के होटलों व ढाबों के दूषित पानी से उनको निजात मिलने की पूरी उम्मीद है, क्योंकि वहां नए साल में जुलाई तक एसटीपी का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद एसटीपी से पानी की गुणवत्ता को बेहतर किया जाएगा, जिससे जमीन में जाने पर वहां का भूजल दूषित न हो सके। क्योंकि अभी तक वहां का भूजल दूषित हो रहा है और उसका सबसे बड़ा कारण होटल व ढाबों का दूषित पानी जमीन में छोड़ा जाना है।
11. अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं सब्जी मंडी में निर्माण होगा शुरू
गन्नौर में जीटी रोड पर अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं सब्जी मंडी का निर्माण कई साल पहले शुरू हुआ था, जिससे प्रदेश के किसानों को उनकी सब्जी, फलों व फूल के बेहतर दाम मिल सके और वह एक ही जगह पर अपनी फसल को बेच सके। लेकिन यह काम अधूरा पड़ा है। पहले चरण में 15 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़कें, सीवर, एसटीपी, पावर हाउस, किसान रेस्ट हाउस व ऑफिसर कॉलोनी का निर्माण किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय फल-फूल एवं सब्जी मंडी का किसानों को सबसे ज्यादा फायदा होगा और उनको अपनी फसलों का बेहतर दाम मिल सकेगा।
12. बिजली किल्लत होगी दूर, मार्च तक तीन पावर हाउस शुरू होंगे
नए साल में बिजली की समस्या दूर की जाएगी। इसके अलावा जिन जगहों पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड है, उनको बदलने की योजना भी बिजली निगम ने बनाई है और इस योजना को नए साल में अमलीजामा पहनाया जाएगा। गांव जटौला, नाथूपुर व महमूदपुर में तीन नए 33 केवी पावर सब स्टेशन का निर्माण मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। गांव चटिया व फिरोजपुर बांगर पावर हाउस में क्षमता बढ़ाने का काम भी मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
13. गोहाना में बसाए जाएंगे दो सेक्टर
गोहाना शहर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-7 बसा रखा है। अब दो और नए सेक्टर बसाने की तैयारी की जा रही है। सेक्टर-13 व 16 को बसाने के लिए एचएसवीपी की ओर से सरकार को प्रपोजल भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद सेक्टर के लिए सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद प्लॉट बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
14. आईएमटी के साथ बसाए जाएंगे सेक्टर
खरखौदा के पास आईएमटी का निर्माण किया जा रहा है। जिला नगर योजनाकार विभाग के नए प्लान के अनुसार खरखौदा में रिहायशी सेक्टर व औद्योगिक सेक्टर को बढ़ावा दिया जाएगा। 3500 हेक्टेयर जमीन इसके लिए छोड़ी है। 2200 हेक्टेयर जमीन पर रिहायशी सेक्टर बसाए जाएंगे। जबकि 1300 हेक्टेयर जमीन पर औद्योगिक सेक्टर बनाए जाएंगे। यहां सेक्टरों का निर्माण होने से शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
15. 5-5 एकड़ में 18 कॉलोनियां बसाई जाएंगी, 22 एकड़ में औद्योगिक हब बनेगा
दीन दयाल आवास योजना के तहत सरकार की ओर से 18 लाइसेंस जारी किए गए हैं। सोनीपत के पास 17 जगहों व खरखौदा शहर के पास एक जगह पर 5-5 एकड़ में कॉलोनियां बसाई जाएंगी। इस कॉलोनी में 100 व 150 गज के प्लॉट काटे जाएंगे। वहीं सोनीपत शहर के पास गोहाना रोड पर 22 एकड़ में औद्योगिक हब बनाया जाएगा, जिसमें 500 से 1000 गज के प्लॉट काटे जाने हैं।
16. रोडवेज को मिलेंगी 25 बसें, सफर होगा सुगम
परिवहन विभाग की ओर से सोनीपत बस अड्डे पर 197 बसें स्वीकृत हैं। वर्तमान में यहां रोडवेज की महज 63 बसें, जबकि किलोमीटर स्कीम के तहत 42 बसें चल रही हैं। दूसरी ओर गोहाना सब डिपो में 63 बसों का बेड़ा स्वीकृत है, वहां रोडवेज की 39 बसें व किलोमीटर स्कीम के तहत 21 बसें चलाई जा रही हैं। समय के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ती गई, जबकि बसों की संख्या घटती चली गई, जिससे इन दिनों परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। सोनीपत डिपो को जल्द ही 25 नई बसें मिलेंगी, जिसके बाद कुछ हद यात्रियों को राहत मिलेगी।
17. नगर निगम को मिलेगा कार्यालय
शहर के सेक्टर-3 में नगर निगम कार्यालय के पांच मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है। यह भवन प्रदेश में सबसे अनूठा होगा। ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित इस भवन से बिजली खपत कम होगी और निगम खुद 100 किलोवाट बिजली का उत्पादन भी करेगा। नगर निगम की ओर से इस भवन के निर्माण पर 58 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अप्रैल 2018 में भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, चालू वित्त वर्ष में यह भवन तैयार हो जाएगा।
यह मिली सौगात :
1. कोरोनाकाल में ऑक्सीजन के दो प्लांट लगे
जिले में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। कोरोना काल में सोनीपत व गोहाना में ऑक्सीजन की कमी से निपटने के लिए दो प्लांट लगा दिए गए हैं। खानपुर में 500 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा दी गई है। साथ ही इस वर्ष 21 नई एंबुलेंस, तीन मेडिकल मोबाइल यूनिट भी स्वास्थ्य विभाग को मिली हैं।
2. सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कूड़े से बननी शुरू हुई बिजली
मुरथल में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू हो चुका है। इसका उद्घाटन सीएम मनोहर लाल ने 16 अगस्त को गुरुग्राम से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से किया था। इस प्लांट में कचरे से बिजली बनाई जाएगी। इसका बड़ा फायदा आम लोगों को जल्द होना शुरू होगा। इसके लिए मेयर ने शहर से सारे कूड़े का उठान करने के लिए कंपनी को पत्र लिखा है।
3. नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को मिला अपना भवन
नए साल में डॉ. भीमराव आंबेडकर नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को अपना भवन मिला, जो राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में बनाया गया है। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी अभी तक पलड़ी गांव में एक निजी कॉलेज के भवन में चल रही थी, जिसके लिए सरकार को किराया चुकाना पड़ रहा था। इसके साथ ही वहां सुविधाएं भी ज्यादा नहीं मिल रही हैं। इस कारण ही नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का अपना भवन मिलने से वर्तन सत्र से कक्षाएं लगनी शुरू हो गई हैं।
4. महिला कॉलेज का निर्माण हुआ पूरा, जल्द शुरू होंगी कक्षाएं
सोनीपत को पहले ही एजुकेशन हब कहा जाता है, लेकिन इसके बावजूद यहां शिक्षा के हब में कुछ नया लगातार होता रहता है। सोनीपत शहर के सेक्टर 12 में राजकीय कन्या महाविद्यालय का निर्माण पूरा हो गया है। चार साल से यह कॉलेज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा में चलाया जा रहा है, जहां कमरे भी पूरे नहीं है। वहां परेशानी भी काफी झेलनी पड़ रही है, जिससे नए भवन की ज्यादा जरूरत है। नए भवन नए साल में लोक निर्माण विभाग से उच्चतर शिक्षा विभाग को हैंडओवर होने की उम्मीद है।
5. चार बिजली सब स्टेशनों की मिली सौगात
बिजली निगम की ओर से वर्ष 2021 में चार बिजली सब स्टेशन स्थापित किए गए, जिससे बिजली संकट झेल रहे लोगों को काफी राहत मिली है। जिले के सेक्टर-23, राई, मोहम्मदाबाद व खरखौदा में स्थापित 33 केवी पावर सब स्टेशन चालू हो चुके हैं। जहां से रोजाना निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इन बिजली सब स्टेशनों के चालू होने से क्षेत्र में बिजली संकट दूर हुआ है।
जीवीएम कन्या महाविद्यालय में फेस पेंटिंग से नववर्ष का स्वागत करतीं छात्राएं। संवाद- फोटो : Sonipat