महेंद्रगढ़। काफी समय से शहर की बदहाल सड़कों से परेशान शहरवासियों को जल्द ही राहत मिलेगी। नगर पालिका की ओर से इसी माह में 32 सड़कों और गलियों के निर्माण के लिए करीब आठ करोड़ रुपये के 25 टेंडर खोले जाएंगे। जिम्मेदारों का दावा है कि दस दिनों में सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
नये वर्ष पर शहर की अधिकांश सड़कों का निर्माण निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इन 32 सड़कों में शहर के वार्डों के अलावा प्रमुख सड़कें शामिल हैं। प्रथम चरण में उन सड़कों पर काम होगा जो पांच साल या इससे अधिक समय पूर्व बने थे। शहर में पिछले दस सालों के दौरान सड़कों का निर्माण तो दूर जिम्मेदार पैचवर्क तक नहीं करा पाए हैं।
राव बहादुर सिंह की कोठी से सब्जी मंडी गेट तक, वाल्मीकि मंदिर से 11 हट्टा बाजार तक, साईं मंदिर से पुराना महिला महाविद्यालय, वाल्मीकि मंदिर से विजय पार्षद के मकान तक, भाई रामसिंह की कोठी से मोहल्ला सराय नारनौल रोड, बालाजी चौक से प्याऊ तक सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा शहर में 10 लाख रुपये तक तिरंगा लाइट लगवाने, डोर टूडोर कूड़ा कलेक्शन, स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए टेंडर लगाए जाएंगे।
बता दें कि महेंद्रगढ़ नगर पालिका सदन की दो सालों में दस बैठक हुई हैं। इनमें साधारण, वित्तीय व बजट की बैठकें शामिल हैं। इनमें 20 मुख्य सड़कों तथा 15 वार्डों की 220 गलियों के नव निर्माण व मरम्मत के प्रस्ताव पास किए जा चुके हैं। एक सप्ताह पहले नपा हाउस की बैठक में 25 प्रस्तावों पर मुहर लगाई जा चुकी है। इसी माह 32 सड़कों और गलियाें का निर्माण, 3.25 करोड़ से मसानी चौक से 11 हट्टा बाजार सड़क निर्माण, 5 करोड़ की लगात से नपा का नया आधुनिक भवन व 2.50 करोड़ से सामुदायिक भवन के निर्माण को पूरा करने के लिए टेंडर अलॉट किए जाएंगे।