सोनीपत। गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस ने क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है। शहर की पुलिस लाइन में जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। समारोह के आसपास के एरिया में पुलिस ने नाके लगाने के साथ फोर्स तैनात की है। इसके साथ मुख्य गोहाना रोड पर रूट डायवर्ट रहेगा।
वाहनों को निकालने के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कर दी है। गोहाना रोड पर सबसे कड़ा पहरा पुलिस का रहेगा। यहां से भारी वाहनों को नहीं निकलने दिया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह स्थल और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति या वाहन को प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
40 राइडर, 15 पीसीआर तैनात
जिले की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 40 राइडर, 15 पीसीआर वाहन, 31 डायल-112 वाहन और 5 पायलट गाडिय़ों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त पुलिस बल को प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया है।
निजी वाहनों पर लगा प्रतिबंध, निर्धारित की पार्किंग व्यवस्था
समारोह स्थल पर निजी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल फ्लैग लगी सरकारी और अधिकृत गाड़ियों को ही अनुमति दी जाएगी। आम लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था लघु सचिवालय के सामने खाली मैदान और जिला कारागार के बाहर स्थित मैदान में की जाएगी।
रूट किया जाएगा डायवर्जन
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सोनीपत से गोहाना जाने वाले वाहन महलाना चौक से महलाना रोड, सेक्टर-23 और गांव गढ़ी ब्राह्मणान होते हुए गोहाना रोड पर पहुंचेंगे। गोहाना से सोनीपत आने वाले वाहन गोहाना रोड बाईपास से जाहरी रेलवे फ्लाईओवर और जटवाड़ा होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। वाहन चालकों की सुविधा के लिए दिशा-सूचक बोर्ड और संकेतक भी लगाए गए हैं। जिले में सुरक्षा की दृष्टि से 31 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं।
ड्रोन गतिविधियों पर भी कड़ी नजर
ड्रोन से संभावित खतरों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित टीमें तैनात की गई हैं। किसी भी संदिग्ध ड्रोन के उड़ान भरने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे लावारिस वस्तुओं को न छुएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गणतंत्र दिवस को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है और रूट डायवर्जन सहित सभी आवश्यक व्यवस्था लागू कर दी गई है। आमजन से अपील है कि वे पुलिस का सहयोग करें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
- नरेंद्र कादियान, उपायुक्त क्राइम व ट्रैफिक, सोनीपत पुलिस