गन्नौर। चेहरे पर बहते आंसू, दहाड़ों से गूंजता आंगन और हर किसी के सामने खुद को लाचार दिखाती एक पत्नी के संबंध में किसी को अंदाजा तक नहीं था कि यही औरत अपने पति की मौत की असली गुनहगार है। गन्नौर की मैफरीन ने अपने प्रेम संबंधों के लिए पति शाहनवाज की हत्या करवा दी। उसके बाद मासूमियत का नकाब पहनकर घर में ही मातम मनाती रही।
वीरवार को मूलरूप से गन्नौर के गढ़ी झंझारा हाल बादशाही रोड निवासी शाहनवाज की खुरगान रोड पर हत्या कर दी गई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में खुलासा किया कि हत्या शाहनवाज की पत्नी मैफरीन ने ही कराई थी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश पुलिस रात के अंधेरे में कैराना से गन्नौर पहुंची। जब पुलिस ने शाहनवाज की हत्या की साजिश में पत्नी मैफरीन का नाम लिया तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
कुछ घंटे पहले तक जिसे सब बेसहारा मानकर गले लगा रहे थे, वही अपने पति की जान की दुश्मन निकली। करीब आठ साल पहले कैराना के गांव गढ़ी दौलता निवासी मैफरीन की शादी शाहनवाज से हुई थी। वह महज तीसरी कक्षा तक पढ़ी है। शादी के बाद शाहनवाज से मैफरीन को दो बेटे हैं। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इस बीच मैफरीन के संबंध पति के मौसेरे भाई तसव्वुर से हो गए।
तसव्वुर यूपी के बागपत के गांव सरूरपुर में ईंट-भट्ठे पर काम करता था। अब पिता की हत्या व मां के जेल जाने से दोनों बच्चों के सिर पर माता-पिता का साया नहीं रह गया है।
दो दिन पहले ही दिलवाया दूसरा मोबाइल
परिजनों ने बताया कि घटना से दो दिन पहले मैफरीन का मोबाइल खराब हो गया था। वह शाहनवाज पर दूसरा मोबाइल लाने का दबाव बना रही थी। शादी में जाने से एक दिन पहले शाहनवाज उसके लिए मोबाइल लेकर आया था। उसे क्या पता था कि यही मोबाइल उसकी मौत का कारण बनेगा। मोबाइल से बातचीत करते हुए मैफरीन ने आरोपियों को शाहनवाज की पल-पल की जानकारी दी थी।
कई दिन से गुमसुम था शाहनवाज
परिजनों का कहना है कि शाहनवाज कई दिन से गुमसुम रहने लगा था। परिवार ने कारण पूछा लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। अब पता लगा कि उसने मैफरीन को मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया था। उसके बाद उनमें कलह हुआ था। परिजनों का कहना है कि यदि वह बात साझा कर देता तो शायद समाधान निकल सकता था।
शाहनवाज के पिता ने कराया तसव्वुर की बहन का निकाह
परिजनों ने बताया कि तसव्वुर की बड़ी बहन की शादी करीब छह महीने पहले शाहनवाज के पिता जमील ने सोनीपत में कराई थी। जिसका पूरा खर्च जमील ने उठाया था। शादी के बाद से तसव्वुर अक्सर शाहनवाज के घर आने-जाने लगा। जब घर के पुरुष सदस्य काम पर जाते तो वह दोपहर के समय आता था। परिजनों को अंदाजा भी नहीं था कि उनकी पीठ पीछे रिश्तों का विश्वास टूट रहा है।
घर से गायब हैं महिलाओं के आभूषण
परिजनों ने बताया कि मैफरीन घर से अपने सभी आभूषण लेकर शादी में गई थी। अब उन्हें पता लगा है कि घर से परिवार की तीन अन्य बहुओं के आभूषण भी नहीं मिले। उनके आभूषण भी मैफरीन ले गई थी।
फोटो :21: सोनीपत के गन्नौर में शाहनवाज के घर के बाहर जुटे परिजन व ग्रामीण। संवाद