हरियाणा के सोनीपत में स्थित मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं है। चिकित्सक की कमी के कारण विद्यार्थियों को उपचार कराने में परेशानी होने लगी है। पिछले दिनों भीषण गर्मी के बाद अचानक हुए मौसम परिवर्तन के कारण बीमारियां बढ़नी शुरू हो गई हैं।
चिकित्सकों की तैनाती के लिए लिखा है पत्र
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 27 जून को विद्यालय में कक्षाएं लगनी शुरू हो गई थी। भीषण गर्मी के बाद मौसम में अचानक आए परिवर्तन के कारण विद्यार्थी बीमार होने लगे हैं। अधिकतर बच्चों को घमोरियां थीं। डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं होने के कारण उनको उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया। डिस्पेंसरी में चिकित्सक के दोनों पद खाली पड़े हैं। चिकित्सकों की तैनाती कराने के लिए जिला उपायुक्त व सिविल सर्जन को तीन दिन पहले ही पत्र लिखा है। - कर्नल मोहित कपूर, बरसर, मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय राई
विद्यार्थियों का कराया गया इलाज
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय से उपचार कराने के लिए 45 विद्यार्थी पहुंचे थे। मौसम परिवर्तन के कारण मरीजों की संख्या में इजाफा होने के कारण अस्पताल में ओपीडी भी बढ़ी है। ओपीडी में जांच के दौरान 34 विद्यार्थी घमोरियां पीड़ित थे। वहीं अन्य विद्यार्थियों को फिजिशयन व ईएनटी विशेषज्ञ से दिखाया गया है। उपचार के बाद उनको दवाई दिलाकर भेज दिया गया है। - डॉ. राजेश सिंघल, रेजीडेंट मेडिकल ऑफिसर नागरिक अस्पताल
जल्द ही होगी चिकित्सक की तैनाती
मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय की डिस्पेंसरी में 10 दिन से चिकित्सक नहीं है। 10 दिन पहले ही डिस्पेंसरी से चिकित्सक को दूसरे केंद्र पर लगाया गया है। जल्द ही डिस्पेंसरी में दूसरे चिकित्सक की तैनाती कर दी जाएगी। इसके बाद विद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों को इलाज कराने में परेशानी नहीं होगी। - डॉ. गीता दहिया, उप सिविल सर्जन सोनीपत