फोटो : 16: सोनीपत के खरखौदा स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में गायों को लेकर अपनी बात रखे गोशाला
खरखौदा। गांव सिसाना स्थित धर्मार्थ गोशाला में इन दिनों मृत गोवंशों का संस्कार करने में परेशानी आ रही है। भूजल ऊपर आने व अन्य स्थान पर जमीन उपलब्ध नहीं होने से गोशाला समिति ने प्रशासन व सरकार से समाधान करने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में गोशाला समिति प्रधान रणदीप ने पत्रकारों से कहा कि वह नगर निगम, सोनीपत आयुक्त व रोहतक आयुक्त के समक्ष भी अपनी मांग रख चुके हैं मगर समाधान नहीं हो रहा है।
गोशाला समिति के प्रधान ने कहा कि जिले में इस समय कोई हड़वारा नहीं है। ऐसे में मृत पशुओं को मिट्टी में दबाना ही एकमात्र समाधान है। सिसाना गोशाला में रोजाना सात से आठ बीमार, उम्रदराज व सड़क हादसे में घायल गोवंशों की मौत हो जाती है।
गोशाला की तरफ से मंगलवार को कहा गया कि इन मृत गायों को गड्ढे खोदकर दबाया जाता है लेकिन बारिश के दिनों में भूजल ऊपर आ जाने से मृत गायों को दबा पाना संभव नहीं है।
ऐसे में वह रोहतक में चल रहे हड़वारे में मृत गायों को भेजने के लिए आयुक्त, रोहतक से मिले मगर उनकी तरफ से नगर निगम, सोनीपत आयुक्त से मिलने की बात कही गई।
वह सोनीपत कमिश्नर से भी मिले लेकिन समाधान नहीं निकला। वह अगर अपने स्तर पर रोहतक में मृत गायों को भेजते हैं तो रास्ते में विवाद होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में अब वह प्रशासन व सरकार से मांग करते हैं कि मृत गायों के संस्कार की व्यवस्था करवाएं नहीं तो स्थिति और बिगड़ जाएगी।