जिले में कोरोना फिर से लोगों को डराने लगा है। महीना भर से जहां इक्का-दुक्का केस सामने आ रहे थे, वहीं वीरवार को एक साथ 12 नए मरीज मिले हैं। लगातार कोरोना नियम तोड़ने के कारण केस बढ़ने शुरू हो गए हैं। वीरवार को सोनीपत शहर व मुरथल में 12 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।
तीन दिन पहले संक्रमित मिले सेक्टर-15 निवासी बिजनेसमैन के संपर्क में आए चार लोग, एक दिन पहले मिले युवक के संपर्क में आया उसका बुजुर्ग पिता संक्रमित मिला। इसके अलावा मेरठ व दिल्ली से लौटे युवक-युवती संक्रमित मिले। पंचम नगर में दंपती व उनका 10 साल का बच्चा और अन्य जगहों पर दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। जिले में सक्रिय केस की संख्या 20 तक पहुंच गई है।
शहर के सेक्टर-15 में 28 वर्षीय बिजनेसमैन तीन दिन पहले कोरोना संक्रमित मिला था। अब उनके संपर्क में आए एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें सेक्टर-15 के रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग, 54 वर्षीय महिला, 27 वर्षीय युवक, 20 वर्षीय युवती शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों के घर जाकर सैंपल लिए थे। एक दिन पहले बिजनेसमैन के माता-पिता भी संक्रमित मिल चुके हैं। साथ ही एक दिन पहले संक्रमित मिले सेक्टर-15 निवासी युवक का 62 वर्षीय पिता भी पॉजिटिव हो गया है। वहीं मेरठ से लौटी सेक्टर-14 निवासी 20 वर्षीय युवती और दिल्ली से लौटे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक ने दिल्ली स्थित कोर लैब में कोरोना जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
पंचम नगर निवासी 39 वर्षीय व्यक्ति व उसकी पत्नी व 10 वर्षीय बेटा भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। तीनों ने कोरोना जांच लाल पैथ लैब में कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा एल्डिको काउंटी की रहने वाली 41 वर्षीय महिला व मुरथल निवासी 30 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
वीरवार को एक साथ 12 मरीज मिलने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 47 हजार 497 हो गई है। जिले में सक्रिय केसों की संख्या 20 तक जा पहुंची है। अब तक 47 हजार 223 मरीज ठीक हो चुुके हैं और कोरोना के कारण 254 लोगों की मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार के लक्षण मिलते हैं तो वह कोरोना जांच जरूर कराएं।
छह दिन में आठ केस मिले
24 दिसंबर : लहराड़ा का रहने वाला युवक कोरोना संक्रमित मिला
25 दिसंबर : गन्नौर क्षेत्र में एक महिला व एक बच्ची संक्रमित मिले
27 दिसंबर : सेक्टर-15 का रहने वाला बिजनेसमैन कोरोना संक्रमित
28 दिसंबर : सेक्टर-14 की रहने वाली महिला कोरोना संक्रमित
29 दिसंबर : सेक्टर-15 के रहने वाले बिजेसमैन के माता-पिता व एक अन्य युवक संक्रमित मिले