हरियाणा के घरौंडा के वार्ड नंबर 10 के पार्षद बबीता देवी के भतीजे की मंगलवार देर रात पत्थर मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही घरौंडा थाना पुलिस ने शव को देर रात ही अपने कब्जे में लेकर करनाल के मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवाया और शिनाख्त के प्रयास किया। जिसमें युवक की शिनाख्त घरौंडा निवासी 31 वर्षीय अनिल के रूप में हुई। युवक शादी समारोह व अन्य आयोजनों पर हलवाई समेत वेटर आदि का काम भी करता था।
मिली जानकारी के अनुसार दशहरा पर्व पर अनाज मंडी के दुकानदारों ने मिलकर भंडारा लगाने का आयोजन कर रखा था। जिसमें अनिल को हलवाई का काम संभालना था। दशहरे से एक दिन पूर्व ही वह दुकानदारों से भंडारा आयोजन को लेकर बातचीत करने गया था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
सुबह घरौंडा पुलिस ने फोन कर परिजनों ने हत्या की सूचना दी। पार्षद पति डॉ. बलवान सुलेख ने बताया कि उन्हें सुबह ही फोन पर सूचना मिली। उन्होंने बताया कि उसके भतीजे के सिर पर लगभग 15 किलो का पत्थर मारकर सिर कुचला मिला, जिससे उसकी निर्मम हत्या की गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।