गोहाना। फव्वारा चौक पर बंद पड़े हरियाणा फिलिंग स्टेशन पर बाथरूम का दरवाजा खोलने को लेकर हुई कहासुनी में पांच-छह युवकों ने चौकीदार को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। चौकीदार के भाई ने उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चौकीदार के भाई के बयान पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव खेड़ी दमकन के रहने वाले ओमप्रकाश ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई बारूराम (53) फव्वारा चौक पर बंद पड़े हरियाणा फिलिंग स्टेशन पर चौकीदार का काम करता है। वह रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बारूराम के पास गया था। उसी दौरान पेट्रोल पंप पर गांव जौली निवासी दिनेश, गांव जागसी निवासी सतीश, मूलरूप से भावड़ फिलहाल महम रोड गोहाना निवासी प्रवीन और उनके दो-तीन अन्य साथी पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल पंप पर बंद पड़े बाथरूम को खोलने के लिए कहा। उसके भाई के साथ उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खोलने को लेकर कहासुनी कर दी। इसी बीच अचानक उन्होंने उसके भाई की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने उसके भाई पर लाठी और डंडों आदि से हमला कर दिया। दिनेश व सतीश ने बारूराम के सिर व हाथ-पैरों पर डंडे मारे व उसके साथियों ने लात-घुसे मारकर उसे बेहोश कर दिया। उसके भाई के बेहोश होने पर आरोपी भाग गए। वह एंबुलेंस में भाई को लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचा। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना गोहाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले में ओमप्रकाश के बयान पर दिनेश, सतीश, प्रवीन व दो-तीन अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दिनेश व सतीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश करेगी।
वर्जन
पेट्रोल पंप पर बाथरूम करने आए युवकों का चौकीदार के साथ बाथरूम खोलने को लेकर झगड़ा हो गया। जिसमें उन्होंने चौकीदार पर हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी दिनेश व सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।- इंस्पेक्टर बदन सिंह, थाना प्रभारी, सिटी गोहाना