सोनीपत। देव नगर घर में किराए पर कमरा लेने के बहाने आया युवक जहरखुरानी कर महिला को बेहोश करने के बाद सोने-चांदी के आभूषण व आठ हजार रुपये लेकर भाग गया। पीड़िता के पति घर पहुंचे तो पत्नी को बेसुध देखकर अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने पर महिला ने मामले की जानकारी दी। पुलिस ने चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देवनगर निवासी बलराज सिंह ने शहर थाना पुलिस को बताया कि वह चालक है। 23 जनवरी को वह घर से बाहर गए थे। बाद में जब वापस आए तो उनकी पत्नी मुकेश बेहोश मिली। वह उन्हें लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे। होश में आने पर उनकी पत्नी ने बताया कि एक युवक उनके घर किराये पर कमरा लेने के बहाने आया था। कमरा देखने के बाद युवक ने कहा कि चाय पिला दीजिए। वह उसके व अपने लिए दो कप में चाय ले आई। चाय मेज पर रखकर वह रसोई में बिस्कुट लेने चली गई। जब वापस आई तो युवक खड़ा होकर नीचे बैठता दिखाई दिया। महिला ने पति को बताया कि जब उन्होंने चाय पी तो वह बेसुध हो गई। बाद में अस्पताल में होश आया। बलराज सिंह ने घर आकर देखा तो अलमारी से आठ हजार रुपये, सोने की बालियां, चांदी की अंगूठी व अन्य आभूषण नहीं मिले। जिस पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।