गन्नौर। जीटी रोड बड़ी के निकट स्थित काली माता मंदिर से पूजा कर घर आ रही महिला का कार सवार तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। युवकों ने महिला को जबरदस्ती कार में बैठाया और उसकी आंखों में पट्टी बांध कर उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गए जहां पिटाई करने के साथ ही अभद्रता भी की।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपहरण करने वाले एक युवक को पहचानती है और उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया। महिला ने बताया कि वीरवार को वह काली माता मंदिर में पूजा करने के बाद लौट रही थी। उसी दौरान एक कार आकर उनके पास रुकी। कार से तीन युवक उतरे व उनको जबरदस्ती कार में खींच लिया। उन्हें गांव सनपेड़ा की तरफ कहीं दूर व अज्ञात स्थान पर ले गए। आरोपियों ने आंखों पर काली पट्टी बांध दी थी। जब अपने बचाव का प्रयास किया तो युवकों ने उनकी पिटाई करने के साथ अभद्रता की। आंखों पर पट्टी लगने की वजह से कुछ नहीं देख पाई। युवकों ने उसका मोबाइल भी ले लिया। महिला ने बताया कि अपहरण करने वालों में से एक युवक का मोबाइल नंबर उसको पता है। यदि वह सामने आया वह पहचान सकती है।
बड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस की टीम के साथ काली माता मंदिर गांव बडी जीटी रोड पर पहुंचे। पुलिस को सनपेड़ा के पास महिला व उनके पति मिले। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अपहरण, छेड़छाड़ व मारपीट का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।