संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। गांव बरोदा के बीच स्थित ऐनसर जोहड़ इन दिनों बदहाली का शिकार है। जलकुंभी ने पूरे तालाब को ढक दिया है। इससे पानी दूषित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल से जोहड़ की सफाई नहीं हुई। न ही उनकी शिकायत पर सुनवाई की जा रही है।
ग्रामीण धर्मबीर मोर, संजय, राजेश मोर व नरेंद्र ने बताया कि ऐनसर जोहड़ गांव में पशुओं के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी था। पहले यहां पशु पानी पीने आते थे लेकिन अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि इसका पानी पूरी तरह दूषित हो गया है। जलकुंभी के कारण जोहड़ दलदल जैसा बन चुका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत और प्रशासन इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को शिकायत दी गई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि जलकुंभी के बीच कई बार पशु फंस चुके हैं। उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी होती है। कभी-कभी कई लोगों को मिलकर पशुओं को निकालना पड़ता है। गांव के लोगों को डर है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ऐनसर जोहड़ की सफाई करवाई जाए और जलकुंभी हटाकर पानी को साफ किया जाए, ताकि पशुओं और ग्रामीणों को राहत मिल सके।