फोटो 14: सोनीपत के बरोणा गांव में बैठक करते खरखौदा संघर्ष कमेटी के सदस्य। स्रोत: कमेटी
खरखौदा। हलका खरखौदा को संभावित गोहाना जिले में शामिल करने की अटकलों के बीच वीरवार को गांव बरोणा में खरखौदा संघर्ष कमेटी की आपातकालीन बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जय सिंह खांडा ने इस मुद्दे को खरखौदा के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए सरकार और प्रशासन के रवैये पर चिंता जताई।
उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को संघर्ष कमेटी के सदस्यों ने उपायुक्त से मिलकर खरखौदा ब्लाक को लेकर अपनी आपत्तियां और समस्याएं रखी थीं लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। बैठक में तीन प्रस्ताव पास किए गए।
पहला प्रस्ताव 28 दिसंबर को जब मुख्यमंत्री खरखौदा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे तो वह सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करें कि खरखौदा हलका सोनीपत जिले का ही हिस्सा रहेगा, पास किया गया। दूसरा प्रस्ताव खरखौदा हलके के किसी भी गांव के साथ छेड़छाड़ न की जाए। सभी गांवों को सोनीपत जिले में ही रखा जाए पास किया गया।
तीसरा प्रस्ताव यह पास किया गया कि 26 दिसंबर को संघर्ष कमेटी का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिलेगा और खरखौदा की जनता से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की जाएगी। बैठक में विकेश, राजकुमार, सुखबीर, सुमित, देवेंद्र, विकास, राजेंद्र, सूरज, सिकंदर, रणबीर व हंसराज राणा आदि मौजूद रहे।