माई सिटी रिपोर्ट
सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में सोमवार को अव्यवस्था और समस्याओं को लेकर विद्यार्थियों के प्रदशर्न करने के एक दिन बाद कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने मगंलवार को विद्यार्थियों के साथ बैठक की। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में बुलाकर 17 समस्याओं का मौके पर समाधान कराया।
उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में अगर छात्रों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो जवाबदेही तय होगी। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुलपति ने छात्रों के साथ विश्वविद्यालय का दौरा कर समस्याओं को भी देखा।
छात्रों की इलेक्ट्रिसिटी की समस्या को लेकर हेड कंस्ट्रक्शन डिविजन व एसडीओ को दिशा-निर्देश देते हुए छात्रों के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय में छात्रों को सामान व खाद्य सामग्री तय रेट पर मिलनी चाहिए। इसके लिए डिप्टी रजिस्ट्रार (जीपीएस) को निर्देशित किया।
उन्होंने दवाओं की समस्या, पुस्तकालय की टूटी कुर्सियां, कक्षाओं में लाइट, पंखे व शौचालय आदि की समस्याओं को 15 दिन के अंदर दूर करने के लिए कहा। पीने के पानी की समस्या पर उन्होंने सात दिन के अंदर सभी वाटर कूलर इंस्टॉल करने का निर्देश कंस्ट्रक्शन डिवीजन व इलेक्ट्रिसिटी एसडीओ को दिया।
हॉस्टल और खेल मैदान की समस्या के समाधान के लिए कमेटी गठित
हॉस्टल की समस्याओं को लेकर कुलपति ने खुद की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है जिसमें गर्ल्स व ब्वॉयज हॉस्टल के चीफ वार्डन, कंस्ट्रक्शन डिविजन के हेड, यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर के हेड, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर, एसडीओ इलेक्ट्रिसिटी व जेई सिविल को शामिल किया गया है। ये कमेटी छात्रों की हॉस्टल में होने वाली असुविधाओं को एक महीने में हल करेगी।
इसी तरह खेल मैदान और इंडोर स्टेडियम में लाइट आदि की समस्या को लेकर भी कमेटी का गठन किया है। छात्रों के आईडी कार्ड की समस्या को लेकर कुलपति ने सिस्टम एनालिस्ट डॉ. योगेंद्र शर्मा को एक सप्ताह के अंदर हल करने के निर्देश दिए।