सोनीपत। अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। 11 जनवरी को रेलवे स्टेशन पर बुकिंग काउंटर नए भवन में शिफ्ट होगा। इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग और जानकारी प्राप्त करने में पहले की तुलना में अधिक सहूलियत होगी।
रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश और निकासी द्वार पर निर्माणाधीन भवन में नया बुकिंग कार्यालय तैयार किया गया है। शनिवार को मजदूरों ने अंतिम तैयारियां पूरी की। यात्रियों के बैठने के लिए नए बेंच लगाए गए हैं।
टिकट खिड़कियां बढ़ीं, अलग-अलग पंक्तियों की व्यवस्था
नए बुकिंग कार्यालय में टिकट खिड़कियों की संख्या चार से बढ़ाकर छह कर दी गई है। प्रत्येक विंडो को ग्रिल लगाकर अलग-अलग पंक्तियों में विभाजित किया गया है। एक विंडो सहयोग काउंटर के रूप में कार्य करेगी। जहां यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी मिलेगी।
29 करोड़ से हो रहे विकास कार्य
अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत रेलवे स्टेशन पर करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इनमें से करीब 85 फीसदी कार्य पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों के पूरे होने पर दिल्ली-अंबाला रूट पर रोजाना सफर करने वाले करीब 40 हजार यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
पार्किंग विस्तार और वर्टिकल गार्डन बनेगा आकर्षण का केंद्र
मुख्य प्रवेश-निकासी द्वार के सामने पार्किंग क्षेत्र का विस्तार कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे अधिकारियों के निर्देशन में कार्यरत गुरुग्राम की कंपनी ने मार्च तक प्रथम चरण के कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा है। वहीं, दिसंबर 2025 में मुख्य द्वार के सामने का मार्ग दो साल बाद वाहनों और यात्रियों के लिए खोल दिया गया था। प्रवेश द्वार के बीचोंबीच वर्टिकल गार्डन का निर्माण भी किया जा रहा है जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर स्टेशन को हरित और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
दिव्यांग यात्रियों के लिए दिशा सूचक बोर्ड भी होंगे स्थापित
ए ग्रेड श्रेणी में शामिल सोनीपत स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि उन्हें स्टेशन परिसर में आवागमन में आसानी होगी।
अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत स्टेशन पर 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है। 11 जनवरी को टिकट काउंटर कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है। पार्किंग विस्तार और वर्टिकल गार्डन का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। रेलवे का लक्ष्य मार्च तक सभी कार्य पूर्ण कर यात्रियों को स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं का पूर्ण लाभ देना है। -पुष्पेश रमन त्रिपाठी, रेल प्रबंधक, दिल्ली मंडल।