सोनीपत। कुंडली थाना पुलिस ने जिम संचालक को गोली मारने के मामले में छठे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी दिल्ली के गांव खेड़ा खुर्द निवासी रामनिवास उर्फ मोगली है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कुंडली निवासी जिम संचालक नवीन ने 21 अक्तूबर, 2024 को शिकायत दी थी कि दो दिन पहले उनका अमन के साथ झगड़ा हो गया था। 20 अक्तूबर, 2024 की शाम को वह अपने दोस्ते के कार्यालय में बैठा हुआ था। उसी समय अमन ने सात-आठ युवकों के साथ आकर कहने लगा कि लड़ाई-झगड़ा करने का मजा चखाता हूं। उसके बाद पिस्तौल से पांच फायर किए। एक गोली उनके दाहिने पैर व दूसरी बाएं पैर में लगी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी हर्षिक, राजू, सुनील, ऋतिक व अमन को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने आरोपी रामनिवास उर्फ मोगली को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।