सोनीपत। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूरनखेड़ा को चोरों ने नौ साल में सातवीं बार निशाना बनाया है। चोरों ने स्कूल के कमरों के ताले तोड़कर 1.60 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। अभी तक हुई किसी भी चोरी में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
विद्यालय के प्राचार्य राजेश ने बरोदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 15 दिसंबर की सुबह पौने आठ बजे स्कूल में कार्यरत पार्ट टाइम स्वीपर रवि ने कॉल कर सूचना दी कि प्राचार्य कक्ष समेत कई कमरों के ताले टूटे हुए हैं।
सूचना पर वह स्कूल पहुंचे तो उनके कक्ष के साथ ही भाषा लैब, लिपिक कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम, महिला स्टाफ रूम, प्राइमरी ऑफिस और मिड-डे मील रूम के ताले टूटे हुए मिले। कमरों में रखा सामान बिखरा हुआ था।
प्राचार्य ने बताया कि चोर उनके कक्ष से एक प्रिंटर, आठ कैमरों का डीवीआर और एक यूपीएस चोरी कर ले गए। भाषा लैब से 16 बैटरी, लिपिक कक्ष से चार बैटरी, प्राइमरी ऑफिस से दो पुरानी बैटरी, एक प्रिंटर और एक डीवीआर चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत 1.60 लाख रुपये है। स्कूल में कोई चौकीदार नहीं है।
-
छिपाकर लगाए सीसीटीवी में दिख रहे संदिग्ध
प्राचार्य ने बताया कि लगातार हो रही चोरी के बाद उन्होंने अपने कक्ष में छिपाकर सीसीटीवी कैमरा लगा रखा था। चोरी की वारदात उसमें कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पहले एक आरोपी कमरे में प्रवेश करता है। उसके बाद ऑरेंज रंग की जैकेट पहने दूसरा आरोपी अंदर आता है। सीसीटीवी कैमरे में एक आरोपी अलमारी का ताला तोड़ते हुए और उसमें से थैला निकालकर नीचे फेंकते हुए दिखाई दे रहा है। आरोपी सोफे के कवर और कुर्सी से तौलिया उठाते हुए भी कैमरे में दिख रहे हैं। यह फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
-
पहले हो चुकी चोरी की वारदात
-9 अप्रैल को ताले तोड़े, सामान चोरी नहीं नहीं कर सके।
-11 अप्रैल, 2024 को 20 कंप्यूटर, डीवीआर, प्रिंटर, सीपीयू चोरी।
-23 नवंबर, 2022 को इन्वर्टर, दो बैटरी व अन्य सामान चोरी।
-30 सितंबर, 2022 को यूपीएस की चार बैटरी चोरी।
-2 जुलाई, 2021 को छह बड़ी बैटरी व 20 छोटी बैटरी चोरी।
-19 दिसंबर, 2016 को टीवी, एलईडी व वेब कैमरा चोरी।