सोनीपत। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में सोमवार को गैर-शिक्षक कर्मचारी यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना जारी रखा। धरने को कई गांवों के सरपंचों तथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला इकाई ने समर्थन दिया।
यूनियन प्रधान सुरेश पुट़्ठी ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मार्च 2023 से लंबित सेवा नियमों को स्वीकृति दिलाना, नए पदों का सृजन, अवकाश से जुड़ी आपत्तियां हटाना, जर्जर छात्रावासों व आवासों की मरम्मत, लंबित एसीपी, डे-केयर सेंटर का संचालन, पार्किंग कार्य पूर्ण कराना तथा कच्चे कर्मचारियों की सेवा वृद्धि शामिल है।
उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर अब तक विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली है। मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। वहीं कुलपति श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि कुछ कर्मचारी व शिक्षक निजी स्वार्थ के चलते विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
धरने के माध्यम से अन्य कर्मचारियों को भी प्रभावित किया जा रहा है। वित्त नियंत्रक के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपों की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।