सोनीपत। गांव नाथूपुर में सोमवार को जिला पार्षद सरिता नाथूपुर की ओर से प्रस्तावित शिव मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस पहुंची व भूमि विवाद की शिकायत पर जांच शुरू की है। कार्यक्रम में आसपास के गांवों के सामाजिक लोग भी शामिल हुए।
भूमि पूजन के लिए हरिद्वार स्थित दक्षिण काली मंदिर पीठ से आचार्य पवन दत्त पहुंचे, जिन्होंने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रूप से भूमि पूजन संपन्न कराया। भूमि पूजन कार्यक्रम के समापन के बाद मौके पर पुलिस की पीसीआर टीम पहुंची। इस दौरान जिला पार्षद सरिता देवी के पति राकेश ने पुलिस से मौके पर पहुंचने का कारण पूछा।
डायल 112 टीम ने बताया कि गांव के सरपंच की ओर से कॉल की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि पशुपालन विभाग की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। जिला पार्षद सरिता नाथूपुर ने स्पष्ट किया कि शिव मंदिर का निर्माण पूरे गांव की सहमति से प्रस्तावित है और इसकी सूचना पहले ही कुंडली थाना पुलिस को दे दी गई है।
इस मामले में कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सेठी मलिक ने बताया कि उन्हें संबंधित भूमि को लेकर सूचना प्राप्त हुई है। फिलहाल मामले में एक सप्ताह का समय दिया गया है और पुलिस की तरफ से तथ्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से लगातार बातचीत की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।