सोनीपत। नगर निगम ने गृह कर के करोड़ों रुपये दबाकर बैठे टाॅप 200 डिफॉल्टर प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम की ओर से उन भू स्वामियों को नोटिस जारी किया गयाहै जिन पर दो लाख रुपये से ज्यादा का गृह कर बकाया है। नगर निगम ऐसे लोगों की प्रॉपर्टी सील करने के आदेश दिए हैं। क्षेत्रीय कर अधिकारी की ओर से जल्द ही सीलिंग प्रकिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम की ओर से चालू वित्त वर्ष में 40 करोड़ रुपये गृह कर वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। निगम कार्यालय में 3.25 कराेड़ रुपये जमा हो चुके हैं। निगम की ओर से डिफॉल्टरों को बकाया गृह कर जमा करने के लिए 31 जुलाई तक टैक्स में 10 फीसदी छूट दी जा रही है।
उसके बाद भी डिफॉल्टर भू स्वामी गृह कर जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में नगर निगम ने गृह कर जमा न करने पर बड़े डिफॉल्टरों को चिह्नित किया है। पहले चरण में 200 बड़े डिफॉल्टर प्रॉपर्टी मालिकों को प्राॅपर्टी सील करने के नोटिस जारी किए गए हैं। डिफॉल्टर प्रॉपर्टी मालिकों ने गृह कर जमा नहीं कराया तो निगम की ओर से उनकी प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से समय-समय पर गृह कर और ब्याज माफी की छूट दी जाती है। इसके बावजूद हजारों लोग गृह कर नहीं भरते हैं। निगम ने लंबे समय से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का गृह कर जमा न करने वाले 200 डिफॉल्टर प्राॅपर्टी मालिकों को नोटिस जारी किया है।
बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद डिफॉल्टर प्राॅपर्टी मालिक करोड़ों रुपये का गृह कर जमा नहीं करा रहे हैं। निगम अधिकारियों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर डिफॉल्टरों ने गृह कर जमा नहीं कराया तो उनकी इमारतें तक सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिन प्रॉपर्टी मालिकों पर दो लाख से बकाया गृह कर है उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। 200 टॉप डिफॉल्टरों को प्रॉपर्टी सीलिंग का नोटिस जारी किया है। जल्द ही निगम प्रशासन की ओर से सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। -राजेंद्र चुघ, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम।