गोहाना। जिला निगम आयुक्त (डीएमसी) हर्षित कुमार ने वीरवार को नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर नप की आय बढ़ाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालू वित्त वर्ष में लक्ष्य से दोगुना गृहकर जुटाया जाए। जिन लोगों पर पिछला गृहकर बकाया है उनकी प्राॅपर्टी सील की जाए।
इसके साथ में नगर परिषद स्टांप ड्यूटी का अपना शेयर भी हासिल करेगी। डीएमसी ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण। उन्होंने डॉ. मंगल सेन पार्क में पौधरोपण किया। नगर परिषद ने वित्त वर्ष 2025-26 में प्रॉपर्टी टैक्स से तीन करोड़ की आय जुटाने का लक्ष्य रखा है। अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स से एक करोड़ रुपये आए हैं। भू-संपत्ति मालिकों पर लगभग सात करोड़ रुपये गृहकर बकाया हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो लोग समय पर गृहकर नहीं चुका रहे हैं उनकी प्राॅपर्टी को सील किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चालू वित्त वर्ष में छह करोड़ रुपये गृहकर से जुटाने के निर्देश दिए। स्टांप ड्यूटी के बकाया चार करोड़ रुपये भी जुटाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जाए और सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएं। शहर में जगह-जगह पेंटिंग भी कराई जाएगी। संवाद