फोटो 22: सोनीपत के खानपुर कलां स्थित महिला विश्वविद्यालय में समझौता ज्ञापन के दौरान कुलपति प्रो
गोहाना। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां और हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचकेसीएल) के बीच समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। छात्राओं को आईटी और कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से कुलसचिव प्रो. डॉ. शिवालिक यादव और हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीईओ अभिजीत कुलकर्णी ने हस्ताक्षर किए।
कुलपति प्रो. सुदेश ने बताया कि महिला विवि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत छात्राओं को आवश्यक कौशल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस साझेदारी के माध्यम से छात्राएं अब कौशल विकास के लिए एचकेसीएल की तरफ से चलाए जा रहे विभिन्न आईटी और स्किल कोर्स विवि में रहकर ही कर सकेंगी।
इसके साथ ही छात्राओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध हो सकें इसके लिए एचकेसीएल के एआई प्लेटफॉर्म की मदद से उन्हें इंटरव्यू और इंग्लिश स्पीकिंग की तैयारी भी करवाई जा सकेगी। सीईओ अभिजीत कुलकर्णी ने कहा कि आईटी और कौशल विकास में प्रशिक्षण प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है।
महिला विवि और एचकेसीएल अब मिलकर छात्राओं को विभिन्न उच्च गुणवत्ता वाले कोर्स करवाएंगे। उन्हें कौशल विकास प्रदान कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाकर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्रदान करने के लिए सशक्त बनाया जाएगा।
इस दौरान प्रो. विजय नेहरा, प्रो. संकेत विज, प्रो. रवि भूषण, डॉ. संदीप दहिया, डॉ. सोनल बेनीवाल, एचकेसीएल से प्रोग्राम मैनेजर आशीष कुमार, सुनील कुमार और विकास बिश्नोई उपस्थित रहे।