फोटो 33: सोनीपत पुलिस की ओर से जारी किया गया रूट डायवर्जन प्लान। स्रोत: पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 11 दिसंबर को सुभाष स्टेडियम में प्रस्तावित अंत्योदय परिवार उत्थान मेले को लेकर जिले में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के मद्देनजर पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस ने सामान्य वाहन चालकों को असुविधा से बचने और जाम की स्थिति से बचाव के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
डायवर्जन विशेष रूप से वीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास लागू रहेगा। पुलिस की ओर से यातायात को नियंत्रित करने और वीआईपी मूवमेंट को सुचारू रखने के लिए कई स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग हिंदू स्कूल में सुनिश्चित की गई है।
किस मार्ग पर क्या रहेगा प्रतिबंध
वीआईपी रूट पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से शुरू होकर लघु सचिवालय के पास से होते हुए सुभाष स्टेडियम तक जाएगा। इस मार्ग पर सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। डायवर्जन के दौरान नाका-1 और नाका-2 को गोहाना की ओर जाने वाले रास्ते पर लगाया जाएगा। नाका-3 और नाका-5 कोर्ट रोड और हिंदू स्कूल के पास यातायात नियंत्रण का कार्य संभालेंगे।
नाका-4 और नाका-7 महलाना रोड व तिरंगा चौक के पास स्थापित किए जाएंगे, जबकि नाका-8 महलाना रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर लगाया जाएगा। नाका-10 जटवाड़ा रोड से आने वाले यातायात को प्रभावित करेगा। इसके अलावा रेलवे लाइन के समानांतर चलने वाले मार्ग और महलाना रोड पर भी यातायात सीमित रखा जाएगा।