गन्नौर। गांव गढ़ी झंझारा में कार के डैशबोर्ड पर रखी पिस्तौल उठाते समय अचानक गोली चलने से पानीपत जिले के गांव भोड़वाल माजरी निवासी सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर में दी है।
सतपाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह दिल्ली में दूध सप्लाई का काम करते हैं। 12 दिसंबर की रात को वह अपने दोस्त संजय और सुरेश के साथ अपनी कार से गांव गढ़ी झंझारा में आयोजित कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम स्थल पर उनकी मुलाकात गांव भूर्री निवासी शमशेर से हुई।
वह पिस्तौल लेकर आया हुआ था। कुछ देर बाद शमशेर उनकी कार लेकर सामान लेने चला गया। जब वह लौटकर आया तो देखा कि कार के डैशबोर्ड पर उसने अपनी पिस्तौल रखी हुई थी। जब वह पिस्तौल उठाने लगे तो अचानक गोली चल गई। गोली पहले कार के फ्रंट शीशे से टकराई और फिर उनके सीने के दाहिनी ओर जा लगी।
उनके साथी तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल समालखा लेकर गए। वहां से उनको ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शमशेर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।