गांव खानपुर कलां में ढाबा संचालक के साथ खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया तो आरोपियों को उनके परिचित ने समझौता करने के नाम पर बड़वासनी बुला लिया। आरोप है कि यहां पिस्तौल दिखाकर धमकी देने के बाद दो युवकों को बुरी तरह पीटा गया, जिसमें एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खानपुर कलां के राकेश ने गांव में बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सामने भोला पंजाबी के नाम से ढाबा कर रखा है। राकेश ने सदर थाना गोहाना पुलिस को बताया कि शनिवार रात को वह 10 बजे ढाबे पर था। इसी दौरान ईको गाड़ी में गांव सरगथल का कृष्ण, जगदीप और दूभेटा का अमन आए थे। उन्होंने खाना खिलाने को कहा था। राकेश ने कहा कि खाना बनाने वाला कारिंदा जा चुका है और अब वह खाना नहीं बना सकता है। इस पर तीनों ने उसे गाली दी और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। राकेश के अनुसार 15 मिनट बाद तीनों फरसे लेकर वापस आए और आते ही उस पर हमला कर दिया। राकेश के सिर पर हमला करने लगे तो उन्होंने हाथ अड़ा लिया था, जिससे वह घायल होकर फर्श पर गिर गया और शोर मचाने पर हमलावर गाड़ी में बैठकर कासंडा की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने रविवार रात को हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सदर गोहाना पुलिस मामले में जांच कर रही थी कि सदर थाना सोनीपत पुलिस को दो युवकों पर गांव बड़वासनी में हमला किए जाने की जानकारी मिली। इस पर सदर थाना सोनीपत पुलिस खानपुर अस्पताल में पहुंची तो पता लगा कि गांव सरगथल के कृष्ण की पीटकर हत्या की गई है, वहीं उसके साथी अमन पर हमला किया गया। पुलिस ने अमन के बयान दर्ज किए तो पता लगा कि उनका शनिवार को खानपुर में झगड़ा हो गया था। अमन ने पुलिस को बताया कि उनके झगड़े के मामले में समझौता कराने के लिए उसे गांव बड़वासनी के प्रदीप ने अपने खेत में बुलाया था। रविवार को वह कृष्ण, जगदीप व एक अन्य के साथ बड़वासनी गांव में आया था। यहां पर खेत में मीता खानपुरिया, सन्नी मुंदपुर, प्रदीप बड़वासनी, किशोरी खानपुर, देवेंद्र भठगांव मिले थे। प्रदीप ने उसके माथे पर पिस्तौल अड़ा दी। अन्य ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस पर उनका साथी जगदीप व बाइक सवार फरार हो गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग आए तो हमलावर फरार हो गए। उसने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने दोनों को खानपुर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। बाद में उसे पता लगा कि कृष्ण की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जबरन पिलाई शराब, कृष्ण को खिलाई गोली
अमन का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें खेत में बुलाकर पिटाई के दौरान जबरन शराब भी पिलाई। इस दौरान शराब पिलाकर मारपीट की गई। उसके बाद कृष्ण को कोई गोली भी खिलाई गई थी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी।
प्रदीप ने फोन कर बुलाया था बड़वासनी
अमन ने पुलिस को बताया कि उसे प्रदीप ने रविवार को फोन किया था। उसने कहा था कि राकेश उसका जानकार है। उन्होंने उसके ढाबे पर जो झगड़ा किया था, उसमें वह उनका राजीनामा करवा देगा।
वर्जन
हत्या के प्रयास के मामले में युवकों को समझौता करवाने की बात कहकर बुलवाने के बाद हमला करने की शिकायत मिली है। एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या व एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।
- सतीश गौतम, डीएसपी सोनीपत