गन्नौर। रक्षाबंधन पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के गन्नौर सेंटर में आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेंटर इंचार्ज अर्चना ने विधायक देवेंद्र कादियान की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने सेंटर में मेडिटेशन किया और जीवन में शांति, सकारात्मकता और पवित्र विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
सेंटर इंचार्ज अर्चना ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म को पवित्र रखने की प्रतिज्ञा का प्रतीक है। यह पर्व व्यक्ति को अपनी सोच और भावनाओं में शुद्धता लाने तथा पांच विकारों से मुक्त होकर श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसके उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि रक्षाबंधन का आध्यात्मिक महत्व आत्मा और परमात्मा के पवित्र संबंध से जुड़ा है। यह पर्व स्नेह, सुरक्षा और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सच्ची सुरक्षा बाहरी साधनों में नहीं, बल्कि परमात्मा की याद, पवित्रता और आत्मबल में निहित है।