गांवों में विकास की नहीं रहेगी कमीः विधायक देवेंद्र कादियान
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। हलके के विधायक देवेंद्र कादियान ने वीरवार को नयाबांस गांव में करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
विधायक ने गांव में 10.09 लाख की लागत से धर्मपाल पूर्व सरपंच से इंद्र पूर्व सरपंच तक खेतों के रास्ते, 9.62 लाख से बिजेंद्र से सूरजमल पूर्व सरपंच तक खेतों के रास्ते, 20.59 लाख से बीपीएल प्लॉट बस्ती में गली निर्माण, 5 लाख से बीसी चौपाल रिपेयर एवं नवनिर्माण, 10 लाख से सरकारी स्कूल में पत्थर लगाने व नवीनीकरण व 15 लाख रुपये से सरढ़ाना रोड पर पार्क निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
इस दौरान विधायक ने गांव के सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया और बच्चों की पढ़ाई को लेकर शिक्षकों से चर्चा की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं विधायक के सामने रखी। इस पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।