सोनीपत। सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए फरवरी का नया मिड-डे मील मेन्यू जारी कर दिया है। इस बार मेन्यू में बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक व्यंजनों के साथ रागी और मिलेट्स जैसे पौष्टिक आहार को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
जारी मेन्यू में कुल 17 प्रकार के व्यंजन शामिल किए गए हैं। इन्हें 17 कार्य दिवसों में अलग-अलग परोसा जाएगा। यदि किसी दिन अवकाश रहता है तो अगला कार्य दिवस मेन्यू क्रम के अनुसार रहेगा। राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा जैसे बच्चों के पसंदीदा व्यंजनों के साथ मिलेट्स पराठा और गेहूं-रागी का पूड़ा भी मेन्यू का हिस्सा हैं।
शिक्षा विभाग ने मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर स्कूलों को सख्त निर्देश दिए हैं। भोजन तैयार करने वाली समितियों को ताजी और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन से बच्चों की उपस्थिति में भी सुधार होगा।
मिड-डे-मील में शामिल आहार
सब्जी पुलाव, काला चना, रोटी के साथ घीया चना दाल की सब्जी, राजमा चावल, कढ़ी पकौड़ा व चावल, गुड़ रोटी व दही, मिलेट्स पराठा व दही, सोया खिचड़ी, मीठा दलिया, चावल व सफेद चना, चना दाल खिचड़ी, मिस्सी पराठा, दाल चावल, रोटी के साथ मूंग मसूर की दाल, मिस्सी रोटी एवं सब्जी, मीठे मूंगफली चावल, नमकीन दलिया व गेहूं रागी का पूड़ा।
नया मेन्यू वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं बल्कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता और शारीरिक विकास को मजबूत करना है।
- नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी